यूपी धान खरीद: धान खरीद में आएगी तेजी, 48 घंटे के अंदर किसानों को होगा भुगतान, सरकारी ने जारी किए निर्देश

Divisional Commissioner Roshan Jacob

उत्तर प्रदेश में सरकारी धान की खरीद में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में धान खरीद को लेकर एक महत्वपूर्ण मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने धान खरीदी से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के धान की खरीद का भुगतान अविलंब समय पर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाएं धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान सुनिश्चित करें। असल में राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार धान खरीद में होने वाली गड़बड़ी को लेकर सख्त है और इसके लिए शासन स्तर पर सभी मंडल आयुक्त और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों से प्राथमिकता के आधार पर धान खरीदा जाए। सभी धान क्रय केन्द्रों का संचालन गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी प्रत्येक सप्ताह धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करें और प्रतिदिन क्रय केंद्रों का फीडबैक लें। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि लखनऊ मंडल में 9,95,000, मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य , निर्धारित किया गया है। लखनऊ में 29 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, इस दौरान एक नवंबर से धान क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू कर दी गई है। इस क्रम में संभाग के सभी जिलों के धान क्रय केंद्र का मंडलायुक्त द्वारा फीडबैक लिया गया। संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और रायबरेली जिलों में बनाए गए कुल 573 क्रय केंद्रों पर 617 वाहनों में जीपीएस लगाया गया है। डॉ. रोशन जैकब ने शेष वाहनों में तत्काल जीपीएस लगवाने के निर्देश दिए।

लखनऊ के मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने निर्देश जारी किए

मंडलायुक्त ने कहा कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर उपकरणों (इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र एवं विनिंग फैन एवं ई-पॉप मशीन) की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए और कहा कि पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी एवं शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी धान क्रय केन्द्रों पर होल्डिंग और बैनर भी सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही केन्द्रवार धान उपार्जन की समीक्षा संबंधित अधिकारी स्वयं करें। उन धान खरीदी केन्द्रों पर विशेष फोकस किया जाए, जिनकी खरीदी गत वर्ष लक्ष्य की तुलना में अच्छी नहीं हुई थी।

यूपी में 29 फरवरी तक जारी रहेगी धान खरीद

आपको बता दें कि धान खरीदी की सरकारी प्रक्रिया अगले साल 29 फरवरी तक चलेगी और जो किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचना चाहते हैं वह इन केन्द्रों में बेच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *