Weather Update: घने कोहरे से बढ़ेगी परेशानी, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update

Weather Update: ठंड अब धीरे-धीरे अपना पूरा असर दिखा रही है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कंपकंपी बढ़ती जा रही है। सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रहता है लेकिन दोपहर में धूप खिलने से कुछ राहत मिलती है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण हवाओं में गलन बढ़ने लगी है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, जिसके चलते आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है। इस बीच मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों को लेकर अच्छी खबर दी है। शनिवार को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान में 3 अंकों की बढ़ोतरी हो सकती है, जो 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो इसके 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में आज बूंदाबांदी की भी संभावना है, जिससे हवा में ठंडक बढ़ेगी। ऐसे में इन जगहों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है। दिल्लीवासियों को शनिवार को भी कोहरे से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने आज के लिए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह और देर शाम यातायात के दौरान सावधान रहने की सलाह दी गई है।

यूपी में घना कोहरा छाया

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गिरते तापमान के कारण सुबह-शाम कंपकंपी हो रही है। लेकिन, यूपी के लोगों के लिए आज अच्छी खबर है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को लखनऊ समेत अन्य इलाकों में शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है। विभाग की ओर से बताया गया कि अफगानिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते यूपी के अलग-अलग इलाकों में बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। हालांकि, बारिश की संभावना कम है और दोपहर में धूप निकलेगी। प्रदेश के पूर्वांचल समेत कुछ अन्य इलाकों में कोहरा जारी रहेगा। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा जिससे यातायात में परेशानी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, केरल समेत इन राज्यों में बारिश के आसार

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। वहीं कोहरे की मार भी पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शनिवार को भी घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही यहां बर्फबारी भी देखी जा सकती है। ऐसे में जो पर्यटक इन राज्यों में घूमने गए हैं, वे बर्फबारी का पूरा मजा ले सकते हैं। शनिवार और रविवार को भी उत्तराखंड में ऐसा ही मौसम रहने वाला है जहां हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। अब बात करते हैं दक्षिण भारत की। तमिलनाडु और केरल में पिछले कुछ दिनों से हर दिन बारिश हो रही है और यह सिलसिला आज भी जारी रहने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह,तमिलनाडु, केरल में आज हल्की बारिश हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *