किसान आंदोलन: एसकेएम 26 फरवरी को निकालेगी ट्रैक्टर मार्च, 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत

farmer leaders

किसान आंदोलन के बीच आज संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई। इसमें देश भर के कई राज्यों के किसान नेताओं ने हिस्सा लिया। 14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत करेंगे। 26 फरवरी को किसानों ने देश भर में ट्रैक्टर मार्च करने का फैसला किया है। असल में सरकार और किसान संगठनों के बीच चार दौर की वार्ता विफल रही है। जिसके बाद आज संगठनों ने अहम बैठक चंडीगढ़ में बुलाई थी।

बैठक के बाद किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि 23 फरवरी को किसान देश भर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के पुतले जलाएंगे। किसान नेताओं ने खनौरी सीमा पर युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत पर दुख व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। किसान नेताओं ने कहा कि किसान संगठन देशभर में काले दिवस और आक्रोश के रूप में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

धारा 302 के तहत मामला दर्ज करने की मांग

किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पंजाब की सीमा पर हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई की है। उन्होंने हरियाणा पुलिस के खिलाफ 302 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की भी मांग की। संयुक्त किसान मोर्चा ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।

डब्ल्यूटीओ का भी पुतला जलाएंगे किसान

14 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के किसान महापंचायत करेंगे। बैठक में यह फैसला लिया गया है। 26 फरवरी को किसानों ने ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 26 फरवरी को देशभर के किसान हाईवे पर ट्रैक्टर चलाएंगे। सड़क का एक हिस्सा खुला रहेगा। इसी दिन शाम को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) का पुतला भी जलाया जाएगा।

किसान संगठनों ने अमित शाह, मनोहर लाल खट्टर का मांगा इस्तीफा

संयुक्त किसान मोर्चा ने गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के इस्तीफे की भी मांग की। किसानों ने विश्व व्यापार संगठन से कृषि को अलग करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *