मुरादाबाद में आज जुटेंगे हजारों किसान, सीएम योगी आदित्यनाथ भी होंगे शामिल, चौधरी चरण की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

yogi adityanath

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आज किसान दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से सीएम के बिलारी दौरे का कार्यक्रम जिला प्रशासन को जारी कर दिया गया है। आपको बता दें कि अखिल उत्तर प्रदेश जाट सभा ने किसान नेता चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया है।

महासभा के पदाधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 दिसंबर को सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से ढकिया नारू गांव के जंगल में स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि आयोजित कार्यक्रम में एक लाख किसान पहुंचे हैं। आयोजकों ने सभी जाट और किसान नेताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता भेजा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान के अलावा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से भी जाट समुदाय के नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है। गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण

निमंत्रण में रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को भी आमंत्रित किया गया है। पहले मुख्यमंत्री पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति चौधरी चरण सिंह के इर्द-गिर्द घूमती रही है। वहीं, 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और एसएसपी ने गुरुवार को प्रतिमा स्थल का दौरा किया। योगी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। दरअसल, अगले साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अनावरण कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक दिशा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसे रालोद के लिए भी झटका माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *